मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में औद्योगिक पार्क/औद्योगिक क्षेत्र हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों/औद्योगिक क्षेत्रों हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र मोहम्मद अफान एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसी क्रम में औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा अंचल अंतर्गत मौजा–हरसू एवं अन्य 05 मौजों में औद्योगिक क्षेत्र के गठन/विस्तार हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। यह परियोजना उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित है तथा क्रियान्वयन एजेंसी Infrastructure Development Authority (IDA), पटना है।

उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार औरंगाबाद जिला के अंचल कुटुम्बा में औद्योगिक क्षेत्र के गठन/विस्तार हेतु कुल 441.79 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए मंत्रिपरिषद द्वारा 284.28 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रशासनिक स्वीकृति की कुल राशि में से 60 करोड़ जिला प्रशासन, औरंगाबाद को उपलब्ध कराए गए हैं। वर्तमान में परियोजना के अंतर्गत वित्तीय प्रगति 21.10 प्रतिशत दर्ज की गई है। परियोजना के अंतर्गत धारा 11(1) की अधिसूचना दिनांक 06.12.2025 को प्रकाशित की गई है। इसके उपरांत संबंधित प्रक्रिया के अंतर्गत JMS की कार्यवाही प्रगति पर है।
पोस्ट-फैक्टो अनुमोदन हेतु आयुक्त, मगध प्रमंडल, गया को पत्र के माध्यम से से प्रस्ताव समर्पित किया गया है। मुख्य सचिव, बिहार द्वारा समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि औद्योगिक विकास से संबंधित परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि राज्य में निवेश को बढ़ावा मिले तथा रोजगार सृजन के अवसरों में वृद्धि हो सके। बैठक में भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित बिंदुओं के त्वरित निष्पादन, विभागीय समन्वय तथा प्रक्रियागत कार्यों को गति देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।