पर्यटन हाट के निर्माण को इंद्रपुरी बराज के पास मापी करा दिया गया है दस एकड़ भूमि
मदन कुमार
डेहरी आन सोन (रोहतास)। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव एस के मल्ल ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरा को ले प्रस्तावित हाट के लिए विभाग की दस एकड़ भूमि देने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरा में पर्यटन हाट स्थल का निरीक्षण व साईट प्लान का अवलोकन व निरीक्षण भी शामिल है। पर्यटन हाट के निर्माण को इंद्रपुरी बराज के पास दस एकड़ भूमि की मापी करा दिया गया है। पर्यटन विभाग ने 25.98 करोड़ की लागत से निर्माण होने वाले पर्यटन हाट की निविदा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इस भोजपुरी हाट का शिलान्यास गत 24 सितम्बर को किया था।
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री मल्ल ने हाट के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। विभाग ने भूमि मापी कराई। भूमि पर झंडे लगाए गए। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड प्रस्तावित स्थल पर निर्माण होने वाले हाट डिजाइन, गेस्ट हाउस, पर्यावरण अनुकूल कुटिया से सम्बंधित बैनर व सजावट करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। प्रस्तावित हाट का निर्माण बराज से सटे पच्छिमी मुख्य नहर के किनारे होगा। डेहरी से इसकी दूरी आठ किमी व डेहरी रोहतास राष्ट्रीय राजमार्ग से एक किमी की दूरी पर यह हाट बनेगा। इस हाट का मुख्य उद्देश्य इंद्रपुरी बाराज पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। इसके निर्माण से स्थानीय कला, संस्कृति और उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होगा। हाट का निर्माण कार्य 2026 में पूरा होगा।
इसके बन जाने से यह स्थान न सिर्फ एक बड़ा पर्यटन केंद्र बनेगा बल्कि रोहतास किला, तुतला भवानी आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी होगा। यह मिथिला हाट के बाद बिहार का दूसरा सबसे बड़ा पारंपरिक हाट होगा। यहां घूमने फिरने के साथ रेस्टुरेंट में भोजपुरी व्यंजन लिट्टी चोखा, मडुआ की रोटी, अदौरी, तिलौरी, अचार का स्वाद ले सकेंगे। वही गेस्ट हाउस व पर्यावरण अनुकूल कुटिया भी बनेगा। भोजपुरी संस्कृति पर आधारित भंसा घर भी बनेगा। जहां गांव का थीम नजर आएगा। तालाब में बोटिंग की सुविधा भी मिलेगी।परिवार विभिन्न प्रकार का झूला बच्चो व बडो के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। साथ ही हस्तशिल्प,लोक नृत्य, लोकगीत और पारंपरिक शादी विवाह जैसे आयोजन भी किया जा सकेंगे।