नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा औरंगाबाद जिला के बारुण प्रखंड स्थित मुंशी बिगहा में जीविका “दीदी की रसोई एक्सप्रेस” फ़ूड ट्रक का उद्घाटन किया गया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने “दीदी की रसोई एक्सप्रेस फूड ट्रक” की अवधारणा एवं उसके संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की थी। यह पहल जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस फूड ट्रक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अब शुद्ध, पौष्टिक एवं किफायती भोजन को शहरों, सार्वजनिक स्थलों एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचा सकेंगी।

यह पहल न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि उन्हें उद्यमिता की ओर भी प्रेरित करेगी और रोजगार के अवसर मिलेगा। फूड ट्रक में तैयार किए जाने वाले व्यंजन स्थानीय स्वाद और पोषण को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जाएंगे, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।

इसका एक स्टॉल जिला के सदर प्रखंड अंतर्गत कनबेहरी तालाब के पास भी लगाया जाएगा।
“दीदी की रसोई” पहले से ही अस्पतालों एवं अन्य स्थानों पर संचालित होकर लोगों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध करा रही है। अब “दीदी की रसोई एक्सप्रेस फूड ट्रक” के रूप में इसका विस्तार एक नई दिशा प्रदान करेगा। इससे जीविका दीदियों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर मंच मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।