नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड के कोरियावां गढ़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 में बच्चों के बीच यूनिफॉर्म वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मसौढ़ी के विधायक अरुण मांझी ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच जीविका दीदियों द्वारा सिली गई पोशाक का वितरण किया।
इस अवसर पर करीब 40 बच्चों को यूनिफॉर्म दी गई। जीविका दीदियों के हाथों सिली हुई नई ड्रेस पाकर बच्चे काफी खुश नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखने लायक थी।
कार्यक्रम में सीडीपीओ अनिता कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका रूबी कुमारी, राधा कुमारी, पूर्व प्रखंड प्रमुख रमाकांत रंजन किशोर समेत आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विधायक अरुण मांझी ने कहा कि सरकार की यह पहल जीविका दीदियों के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोशाक भी उपलब्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न सिलाई केंद्रों पर जीविका दीदियां पोशाक सिलाई का कार्य कर रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिल रहा है।
सीडीपीओ अनिता कुमारी ने बताया कि इस पहल से एक ओर जीविका दीदियों की आमदनी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी बच्चों को बेहतर गुणवत्ता की यूनिफॉर्म मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।