दशहरा पूजा के लिए परिवार गया था बाहर, गेरांडी गांव में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर थाना क्षेत्र के गेरांडी गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए 35 हजार रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ दशहरा पूजा के अवसर पर वैष्णो मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में मायूसी छा गई।
पीड़ित प्रदीप कुमार कुशवाहा ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने गोदरेज, बक्से और सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। कमरों में रखे कपड़े और अन्य सामान भी अस्त-व्यस्त मिले।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया है।
पीड़ित के अनुसार, उनके दोनों पुत्र रेलवे विभाग में नौकरी करते हैं। दोनों की शादी पिछले वर्ष हुई थी। शादी के अवसर पर बहुओं को दिए गए आभूषण भी चोरी हो गए। आभूषणों की चोरी से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपितों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।