श्रम अधिकार दिवस सह ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज DRCC के सभाकक्ष में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा श्रम अधिकार दिवस सह ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद कुमार, उप श्रमायुक्त (मगध), गया जी के द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर बिहार गीत के साथ किया गया। मंच का संचालन संजीव कुमार एवं विजेंद्र सिंह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के द्वारा किया गया। शिविर में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अधिनियम एवं योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इसमें बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना 2011, बिहार प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना 2008, ई-श्रम, श्रम योगी मानधन योजना, बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम 1986, बंधुआ मजदूर अधिनियम, कर्मकार प्रतिकर अधिनियम तथा ग्रेच्युटी अधिनियम शामिल हैं।

उप श्रमायुक्त मगध, गया जी के द्वारा कर्मकार प्रतिकर अधिनियम के तहत जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि किसी श्रमिक की मृत्यु कार्य के दौरान हो जाती है तो श्रमिक के सभी योग्य आश्रितों को समान रूप से अनुदान प्रदान किया जाएगा। साथ ही बताया गया कि वैसे कामगार जो किसी संस्थान में 5 वर्ष से अधिक समय से कार्य किए हैं और वे अपनी मर्जी से या किसी कारणवश कार्य से हटते हैं, तो ऐसी स्थिति में संबंधित नियोजन द्वारा उन्हें ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाएगा। यदि नियोजक द्वारा श्रमिकों को भुगतान नहीं किया जाता है तो श्रमिक अपना आवेदन उप श्रमायुक्त कार्यालय, गया जी को दे सकते हैं।
श्रम अधीक्षक प्रियंका के द्वारा बताया गया कि सरकार द्वारा विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों के लिए अलग-अलग न्यूनतम मजदूरी दर निर्धारित है, जिसका भुगतान सभी नियोजकों द्वारा किया जाना आवश्यक है। यदि किसी श्रमिक को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है तो उससे संबंधित आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी श्रमिकों को दी गई। प्रवासी श्रमिकों के दुर्घटना उपरांत मृत्यु होने पर विभाग द्वारा 4 लाख की राशि आश्रितों को RTGS के माध्यम से प्रदान की जाती है।
सहायक प्रबंधक DRCC औरंगाबाद के द्वारा श्रमिकों को उनके पुत्र-पुत्रियों हेतु स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता, NCS पोर्टल एवं कौशल विकास योजना से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के कुछ लाभकों को चेक देकर योजना का लाभ दिया गया तथा विभिन्न प्रखंडों के प्रत्येक पंचायत से आए हुए श्रमिकों को एक दिन का पारिश्रमिक एवं मार्ग व्यय का भुगतान किया गया।
कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक प्रियंका, विजय कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष BMS, हरि राम जिला परिषद सदस्य नबीनगर सह जिला मंत्री BMS, अभय कुमार जिला मंत्री निर्माण संघ BMS, राकेश कुमार जिला मंत्री निर्माण BMS, सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एवं जिला के प्रत्येक प्रखंड के प्रत्येक पंचायत से आए हुए श्रमिक उपस्थित रहे।