नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बुधवार को सेल टैक्स विभाग की विशेष टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए आरा, भभुआ और औरंगाबाद स्थित लल्लू भाई मॉल में एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गई कि स्थानीय स्तर पर किसी को भनक तक नहीं लगी।
सूत्रों के अनुसार विभाग को लंबे समय से भारी-भरकम आय छिपाने, टैक्स रिटर्न में कथित गड़बड़ी और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिल रही थी। प्रारंभिक जांच और डाटा विश्लेषण के बाद तीनों जिलों में एक साथ दबिश देने की रणनीति बनाई गई ताकि किसी प्रकार के दस्तावेज़ी बदलाव या साक्ष्य नष्ट होने की संभावना न रहे। जांच टीम वित्तीय प्रविष्टियों की बारीकी से समीक्षा कर रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ भी जारी है।

तीनों स्थानों पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल को तैनात किया गया है। आम लोगों की आवाजाही को सीमित रखा गया है ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो। अभी तक किसी भी राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन जांच का दायरा कई करोड़ रुपये के संभावित लेन-देन तक पहुंच सकता है। विभाग यह भी देख रहा है कि कहीं कई कंपनियों द्वारा फर्जी बिलिंग के जरिए आय को कम दर्शाने का प्रयास तो नहीं किया गया है। संभावना है कि यहां गड़बड़ी करोड़ों में है।
सेल टैक्स विभाग की ओर से फिलहाल कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। मॉल प्रबंधन ने भी सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत तथ्य सामने आएंगे।
जानकारों का कहना है कि लालू भाई मॉल आरंभ से ही कुव्यवस्था और अनियमितता का केंद्र रहा है। सरकारी प्रावधानों के मुताबिक मॉल में जो सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, उसका मॉल संचालक द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। यहां 12-12 घंटे तक काम करने वाली महिलाओं को वेतन मद में बहुत कम राशि दी जाती है। अगर इस मॉल की अनियमितताओं की इमानदारी से जांच की जाए तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।