नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस कड़ी में बीएस सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ बस स्टैंड में पुलिस ने छापेमारी कर 47 पैकेट में रखा करीब 47 किलो अवैध गांजा बरामद किया है।
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बस के जरिए गांजा बिहार भेजने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
डीएसपी ने बताया कि नया मोड़ बस स्टैंड स्थित पवनसूत बस पड़ाव के पास संदिग्ध हालत में रखे दो प्लास्टिक बोरे की जांच की गई, जिसमें 47 पैकेट में बंधा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तस्करी में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।