नवबिहार टाइम्स संवाददाता
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले प्रकाश कुमार सिन्हा एवं आरती सिन्हा की पुत्री लावण्या प्रकाश ने जेईई मेंस वर्ष 2025 के पहले सत्र में आयोजित परीक्षा में राज्य में लड़कियों में पहला स्थान एवं सभी छात्रों में दसवां स्थान प्राप्त किया है। लावण्या प्रकाश ने 99.7350480 परसेंटाइल प्राप्त किए हैं। लावण्या प्रकाश ने अपनी तैयारी रांची के नारायण आईआईटी कोचिंग केंद्र से किया है। वह बचपन से ही बहुत मेधावी रही है एवं वर्ष 2023 में गढ़वा जिले में दसवीं की परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया था। लावण्या प्रकाश को आईआईटी मुंबई या आईआईटी मद्रास से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने की इच्छा है। वह बीटेक करके देश की सेवा एक टेक्नोक्रेट अधिकारी के तौर पर करना चाहती है।
बताते चलें कि लावण्या प्रकाश की बड़ी बहन परी प्रियदर्शनी ने भी वर्ष 2020 में दसवीं की परीक्षा में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया था और वर्तमान में वह धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में अध्यनरत है। लावण्या प्रकाश का छोटा भाई कुशाग्र किशोर भी एक अत्यंत मेधावी छात्र है जो भविष्य में एक न्यायिक पदाधिकारी बनना चाहता है। लावण्या प्रकाश की इस सफलता पर गढ़वा के सभी प्रतिष्ठित लोगों ने एवं शैक्षणिक लोगों ने उसे अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी है। लावण्या पूर्व प्राचार्य स्मृति शेष लाला शंभू नाथ एवं स्मृति शेष अरुण लता सिन्हा की नतिनी है।