ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जीविका दीदियों से किया संवाद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन प्रखंड के बरावाँ पंचायत में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने 700 से अधिक जीविका से जुड़ी महिलाओं और ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की तथा जीविका के माध्यम से हो रहे सामाजिक और आर्थिक बदलावों की सराहना की।
मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में उन्होंने ‘जीविका निधि’ नामक एक विशेष बैंक की घोषणा की, जिसमें 1,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह बैंक जीविका दीदियों को सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने छोटे व्यवसायों का विस्तार कर सकेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। दीदियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र, पुस्तकालय और सामुदायिक भवनों के निर्माण बरावाँ पंचायत की महिलाओं ने संवाद कार्यक्रम के दौरान मांग रखी।
कार्यक्रम में विधान परिषद रवींद्र सिंह और जीविका की ओर से जिला परियोजना प्रबंधक प्रभारी संतोष कुमार, प्रबंधक सामाजिक विकास मनोज रंजन, प्रखंड परियोजना प्रबंधक आनुरंजना कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मानेन्द्र कुमार सिंह की भागीदारी रही।