नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज लार्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल के सिद्धार्थ सभागार में कर्मचारी हित एवं सामाजिक सुरक्षा जागरूकता को समर्पित ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय से आए इंफोर्समेंट ऑफिसर सुधीर कुमार सिंह तथा सामाजिक सुरक्षा सहायक राहुल कुमार मंडल के नेतृत्व में कार्यक्रम संचालित हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार दुबे, परिसर प्रबंधक गौतम कुमार, कार्यालय प्रभारी संजीव कुमार, आई.टी. हेड संतोष तिवारी एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों से आए संचालक एवं कर्मचारीगण की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान ईपीएफओ से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे सदस्य पंजीकरण, यूएएन सक्रियण, अंशदान प्रक्रिया, पेंशन प्रावधान, ऑनलाइन सेवाएं, दावा निपटान प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण तंत्र पर गंभीर एवं विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया कि सभी प्रकार की प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाए, ताकि कर्मचारियों को भविष्य निधि से संबंधित लाभ समय पर एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो सकें।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल को कर्मचारी हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के संकल्प के साथ हुआ।