नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव समारोह समिति के तत्वावधान में आगामी अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) को औरंगाबाद के सम्राट अशोक भवन में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में समिति के आयोजक मंडल विकास काली एवं अनूप मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मृत्युंजय कुमार झा (अध्यक्ष, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड) एवं काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक सह शाहपुर विधायक राकेश ओझा उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश एवं जिले के कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग भी समारोह में भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता रामानुज पांडेय (अध्यक्ष, चाणक्य परिषद एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष) ने की, जबकि संचालन साहित्यकार धनंजय जयपुरी ने किया। बैठक में आयोजन को सफल बनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
अध्यक्ष रामानुज पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम का अवतार धर्म की स्थापना और अत्याचार के अंत के लिए हुआ था। वे वेद एवं शस्त्र-शास्त्र के महान ज्ञाता और गुरु माने जाते हैं, जिन्होंने विभिन्न युगों में धर्म की रक्षा हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर देव प्रखंड प्रमुख मनीष राज पाठक ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों अशोक पांडेय, योगेश मिश्रा, अमरेंद्र पांडेय, प्रिंस दूबे, उज्ज्वल रंजन, आशुतोष पाठक, विनय, प्रमोद रंजन, हरि पांडेय, दीपक ओझा, विभांशु मिश्रा, रौशन पाठक, रुद्र तिवारी, अक्षय गिरी, रौशन मिश्रा, बंटू दुबे सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया।
समिति के अनुसार, यह समारोह धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश देगा।