एलपीजी गैस सिलेंडर हेतु अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर कतार में न लगें
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ वर्तमान में पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति, प्रवासी श्रमिकों के हितों की सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।
उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह तथा सदर डीसीएलआर श्वेतांक लाल उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव, बिहार द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक वस्तुओं, विशेष रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनावश्यक भंडारण की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित है। आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी चिन्हित गैस एजेंसियों के में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं नियंत्रित रूप से संचालित हो सके। साथ ही आमजन की सुविधा हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां आवश्यक सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि एलपीजी गैस सिलेंडर हेतु अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर कतार में न लगें। एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से नियमित रूप से कराई जा रही है। अनावश्यक भीड़ अथवा कतार लगने से दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं महिलाओं को कठिनाई होती है, जो गैस एजेंसी तक पहुंचने में असमर्थ रहते हैं।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।