नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के एमजी रोड स्थित जेके होटल के सामने बुधवार को मगध सर्जिकल हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर का उद्घाटन किया गया। विधिवत फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ अस्पताल की शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग, चिकित्सक, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अस्पताल के संचालक जेनरल लेप्रोस्कोपिक एवं इंडो यूरोलॉजी सर्जन डॉक्टर मनीष कुमार सिंह और स्त्री एवं प्रसुति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रश्मि सिंह ने बताया कि इस अस्पताल का मुख्य उद्देश्य औरंगाबाद तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अत्याधुनिक एवं किफायती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब गंभीर सर्जरी, ट्रामा एवं महिला रोग संबंधी इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, पथरी का ऑपरेशन, प्रोस्टेट संबंधी सर्जरी, हर्निया, अपेंडिक्स, पित्ताशय की पथरी सहित विभिन्न प्रकार की जटिल सर्जरी आधुनिक उपकरणों के माध्यम से की जाएगी। वहीं ट्रामा सेंटर में सड़क दुर्घटना, चोट एवं आपातकालीन स्थिति के मरीजों के लिए चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित सभी प्रकार की जांच एवं उपचार, सुरक्षित प्रसव, सिजेरियन ऑपरेशन, बांझपन संबंधी परामर्श एवं अन्य स्त्री रोगों का इलाज यहां विशेषज्ञ देखरेख में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, डिजिटल जांच सुविधा, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड तथा साफ-सुथरे वार्ड की व्यवस्था की गई है।
अस्पताल प्रबंधक सत्येन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ एवं अनुभवी तकनीशियन तैनात किए गए हैं। साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए विशेष रियायती व्यवस्था भी की जाएगी।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई दिशा मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेगी।