औरंगाबाद में ब्रह्माकुमारीज द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई 90वीं शिव जयंती
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, औरंगाबाद सेवाकेंद्र पर 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य प्रभात फेरी और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शहर के प्रसिद्ध फिजिसियन डॉ बीके सिंह, महिला थाना प्रभारी अंजली कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, भाजपा जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता, ब्रह्माकुमारीज संचालिका बी.के. सविता दीदी, संगीता दीदी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से होने वाले मानसिक और शारीरिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग तथा सोशल मीडिया विंग के माध्यम से समाज को नशा मुक्त, सोशल मीडिया मुक्त बनाने का पुरजोर संदेश दिया गया। कलाकारों ने लघु नाटक के जरिए नशे, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों को दर्शाया।

डॉ बीके सिंह ने कहा कि शरीर के लिए खान-पान बहुत महत्वपूर्ण है। जीवन को बीमार करने वाले खाना और बाहरी फास्ट फूड से परहेज करें। व्यायाम बहुत जरूरी है। ताली बजाना भी एक व्यायाम है इससे आपके चेहरे पर खुशी आ जाती है। 30 मिनट रोज व्यायाम करें। ध्यान भी बहुत जरूरी है। यह परमात्मा से मिलने का माध्यम है। इसके अलावा नींद बहुत जरूरी है। नहीं सोने के कारण हार्ट अटैक से मौत का केस बढ़ रहा है।
सविता दीदी ने बताया कि परमात्मा शिव के अवतरण का उद्देश्य अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाना है। साथ ही उन्होंने सभी को काम, क्रोध और लोभ जैसे विकारों को त्यागने की प्रेरणा दी। अंत में सभी भाई-बहनों को अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और बुराइयों को छोड़ने की दृढ़ प्रतिज्ञा कराई गई।