महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यालय में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जानता पार्टी के नेता डॉ मनीष पंकज मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता सहित अन्य ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। साथ ही बापू के त्याग, सत्य और अहिंसा के आदर्शों को स्मरण किया। कार्यक्रम में दो मिनट के मौन के साथ सभी लोगों ने राष्ट्रपिता को नमन किया।
इस अवसर पर डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी ने देश की आज़ादी की लड़ाई में निर्णायक भूमिका निभाई। सत्य, अहिंसा और सविनय अवज्ञा जैसे आंदोलनों के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी और देशवासियों को आत्मसम्मान के साथ संघर्ष करना सिखाया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि बापू का जीवन सादगी, संयम और नैतिकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने स्वयं साधारण जीवन अपनाकर अंग्रेज़ों की शक्तिशाली सत्ता को चुनौती दी और करोड़ों भारतीयों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा। गांधी जी का विश्वास था कि नैतिक बल, हिंसा से कहीं अधिक शक्तिशाली होता है और यही संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में शांति, सद्भाव तथा सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मौके पर संतोष ठाकुर, मिराज अहमद, राजू मिश्रा, राणा रणजीत सिंह, विजय प्रसाद गुप्ता उर्फ़ काला नाग, संतोष कुमार, सुनील मिश्रा, डॉ अशोक, महेश यादव, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता आदि मौजूद रहे।