नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव करते हुए 1992 बैच के वरिष्ठ आइएएस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का नया सचिव नियुक्त किया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब देश में मीडिया, संचार और सूचना तंत्र की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, वर्तमान सचिव संजय जाजू को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। इस बदलाव को सरकार के रणनीतिक प्रशासनिक पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देकर विभिन्न मंत्रालयों की कार्यक्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
चंचल कुमार बिहार कैडर के अनुभवी, कर्मठ और चर्चित अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वे फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं और इससे पहले बिहार में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। खासतौर पर वे लंबे समय तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने शासन-प्रशासन के कई अहम फैसलों के क्रियान्वयन में प्रमुख भूमिका निभाई।