भारत मंडपम में हुआ संवाद कार्यक्रम, देशभर से जुटे चुनिंदा संपादक और बुद्धिजीवी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एक भव्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में देशभर से आए चुनिंदा संपादकों, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया गया था. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रीगणों ने मोदी सरकार की अब तक की उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख की उपस्थिति भी रही।
इस संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 से 2025 तक के 11 वर्षों में भारत ने विकास के हर क्षेत्र में जो प्रगति की है, वह अभूतपूर्व और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने न केवल अपने पुराने ढर्रे से बाहर निकलकर नई दिशा में कदम बढ़ाया है, बल्कि एक स्थिर, सुशासित और दूरदर्शी प्रशासन के दम पर वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति भी दर्ज कराई है। लगभग 45 मिनट के अपने प्रस्तुतीकरण में अश्विनी वैष्णव ने स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण जैसे विविध क्षेत्रों में हुए कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो भारत मिला था, वह अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज वही भारत आत्मविश्वास और नवाचार के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने गांवों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाईं। उन्होंने इसे ग्रामीण भारत के लिए एक अमृत काल बताते हुए कहा कि आज गांवों में बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं व्यापक रूप से उपलब्ध हो चुकी हैं। अब गांव केवल आर्थिक उत्पादन के केंद्र नहीं, बल्कि गरिमा, आत्मनिर्भरता और नवसृजन की नई पहचान बन रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने आम जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इन योजनाओं ने न केवल लोगों के जीवन को आसान बनाया है, बल्कि उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त भी किया है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया है और भारत को तकनीकी रूप से मजबूत राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर किया है।
देशभर से आए संपादकों और बुद्धिजीवियों ने भी अपने विचार रखे और सरकार की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।