सौरभ कुमार
मोकामा। मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रविवार को आयोजित रोड शो के दौरान यातायात बाधित करने, आम नागरिकों को परेशानी में डालने और निर्धारित अनुमति से अधिक वाहनों के इस्तेमाल के आरोप में मोकामा थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अंचलाधिकारी लवली कुमारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि रोड शो के लिए 10 वाहनों की अनुमति ली गई थी, लेकिन कार्यक्रम के दौरान वाहनों की संख्या निर्धारित सीमा से काफी अधिक थी। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में रविवार रात आदेश की अवहेलना और यातायात बाधित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।इधर, बाढ़ थाना क्षेत्र में भी विधायक अनंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाढ़ में दो मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह और कर्मवीर सिंह के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। बाढ़ में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और आदेश की अवहेलना से संबंधित मामला दर्ज किए जाने की बात कही जा रही है।फिलहाल, इन मामलों में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।