नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। जहानाबाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ प्रसाद सिंह पर उनके कार्यालय कक्ष में घुसकर हमला किया गया, जिसमें दीनानाथ प्रसाद सिंह घायल हो गए। आरोप है कि वार्ड संख्या- 30 के वार्ड पार्षद विभा देवी के पति नीरज कुमार ने उन पर हमला करते हुए उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि इस घटना के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने नीरज कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हमले के बाद कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ प्रसाद सिंह के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद नगर परिषद कार्यालय में आपाधापी मच गई और भय का माहौल कायम हो गया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने ऊपर हमले के लिए नीरज कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। घायल कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ प्रसाद सिंह को जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज किया गया। बताया जाता है कि कार्यपालक पदाधिकारी को मोटे तार से हमला कर उन्हें पीटा गया।
दीनानाथ प्रसाद ने यह भी बताया कि नीरज कुमार के द्वारा पहले भी उनके एक कार्यालय कर्मी के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। जिस पर कोई विशेष कार्रवाई पुलिस की ओर से नहीं की गई थी। उन्होंने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।