नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा नगर निगम आम निर्वाचन 2026 को लेकर चास स्थित बाजार समिति परिसर में चिन्हित काउंटिंग सेंटर एवं सेक्टर 08 स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में चिन्हित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अमृत कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने चुनाव से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित पदाधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

साफ-सफाई, बैरिकेटिंग एवं पंडाल निर्माण का कार्य शुरू करने का दिया निर्देश
निरीक्षण के क्रम में डीईओ सह डीसी ने विभिन्न एजेंसियों को साफ-सफाई, बैरिकेटिंग, पंडाल निर्माण सहित अन्य आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं का कार्य अविलंब प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने काउंटिंग सेंटर में सुरक्षा बलों के आवासन, मोर्चा, प्रवेश-निकास मार्ग एवं अन्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा कर जरूरी दिशा – निर्देश दिया।
डीईओ सह डीसी ने डिस्पैच सेंटर के चिन्हित कमरों में वाइट वाशिंग कराने को कार्यापालक अभियंता भवन प्रमंडल को निर्देश दिया। साथ ही, सामग्री कोषांग में निर्वाचन सामग्री के पैकेट तैयार करने के कार्य में लगे कर्मियों को कार्य करते हुए देखा और सभी सामग्री समय पर तैयार करने का निर्देश दिया।
ससमय एवं सुव्यवस्थित कार्य निष्पादन का दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीईओ सह डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों का निष्पादन ससमय, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढ़ंग से किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, वरीय पदाधिकारी सामग्री कोषांग मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।