नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढी। मसौढ़ी में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छोटकी मसौढ़ी हॉल्ट के समीप देवी मंदिर के पास एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को घसीटकर रेलवे प्लेटफार्म पर फेंक दिया गया। घटना के बाद पूरे प्लेटफार्म पर खून के धब्बे बिखरे मिले हैं, जिससे प्रतीत हो रहा है कि युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया है। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई है। इसके अलावा प्लेटफार्म पर दो आधार कार्ड भी इधर-उधर गिरे हुए मिले हैं।

मृतक की पहचान राजू कुमार उम्र 23 साल पिता दिन यादव बलमा चक मसौढ़ी का निवासी है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल, थानध्यक्ष मसौढी विवेक भारती, जीआरपी थानाध्यक्ष सोनू कुमार, और नदौल ओपी प्रभारी रौशन कुमार पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच कर रही है।

डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि मृतक राजू कुमार पहले बाहर में मजदूरी का काम करता था बाद में मसौढी आकर शराब की तस्करी का कार्य में जुट गया था, सुबह 4:00 बजे चाय की दुकान पर इसे देखा गया था, परिजनों ने बताया कि शाम को 7:00 बजे घर से बाइक लेकर निकला था, वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले युवक को उसके दोस्तों ने बाइक से बुलाया होगा। उसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हुई और फिर उसे दौड़ा-दौड़ाकर मार दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर इसे रेल हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक पर जमा हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।