बेताब अहमद
डेहरी, रोहतास। राजद के पूर्व प्रत्याशी और डेहरी-डालमियानगर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा है कि डेहरी-डालमियानगर का समग्र विकास नगरवासियों के सहयोग से ही पूरा होगा। वे वार्ड संख्या 30 में मेन रोड थाना चौक से मोहनी गैस एजेंसी तक होने वाले पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्य पार्षद शशि कुमारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में गुड्डू चंद्रवंशी ने नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की और योजना की नींव रखी।
गुड्डू चंद्रवंशी ने विरोधियों को संदेश देते हुए साफ किया कि जनता की सेवा और सम्मान ही उनके काम का मूलमंत्र है। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 के निवासियों और दुकानदारों को जल्द ही जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिलने वाली है। मुख्य पार्षद शशि कुमारी की पहल पर मेन रोड थाना चौक से जय हिंद होते हुए मोहनी गैस एजेंसी तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।
मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद योगेंद्र प्रसाद ने मुख्य पार्षद शशि कुमारी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके आने से नगर परिषद में विकास की रफ्तार दोगुनी हो गई है। स्थानीय दुकानदारों ने भी इस पहल के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।
दुकानदारों का कहना है कि इस व्यस्त सड़क के बन जाने से न सिर्फ उनका व्यापार बढ़ेगा, बल्कि ग्राहकों को भी आने-जाने में आसानी होगी। वार्ड पार्षद योगेंद्र प्रसाद ने जनता को भरोसा दिलाया कि मुख्य पार्षद शशि कुमारी के नेतृत्व में ऐसे जनहित के कार्य पूरे शहर में तेजी से चलाए जा रहे हैं।