नवबिहार टाइम्स संवाददाता
वजीरगंज (गया)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रखंड मुख्यालय परिसर के सभागार भवन में नंदवंशी चेतना मंच की ओर से नारी शक्ति सम्मान–2026 समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर रेणु कुमारी ने की और संचालन रेखा देवी ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन जहानाबाद की पूर्व प्रमुख सह जनता दल यूनाइटेड की नेत्री मनोरमा देवी, गंगा रानी महिला कॉलेज नवादा के मनोविज्ञान विभाग की व्याख्याता प्रोफेसर रेणु कुमारी, तरवां पंचायत की सरपंच सुमित्रा देवी और प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने कहा कि नारी आदि काल से समाज के निर्माण में पुरुषों के साथ बराबर की भागीदार रही है। सरकार महिलाओं को समान अधिकार दे रही है, इसलिए समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह महिलाओं का सम्मान करे और उनके निर्णयों को महत्व दे। मुख्य अतिथि मनोरमा देवी ने कहा कि अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए शिक्षा सबसे बड़ा साधन है और शिक्षा के माध्यम से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।

नंदवंशी चेतना मंच के मीडिया प्रभारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि कई बार आरक्षण के कारण महिलाओं को जनप्रतिनिधि तो बना दिया जाता है, लेकिन उन्हें स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अवसर नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बदलनी चाहिए और महिलाओं को वास्तविक अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और उपस्थित महिलाओं को माल्यार्पण तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इधर कुर्किहार उमन बिगहा प्राथमिक विद्यालय परिसर में भी महिला दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, मुखिया और मुखिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला परिषद सदस्या डॉ. पिंकी कुमारी ने कहा कि मानव जीवन के हर पहलू में नारी का महत्वपूर्ण योगदान है और समाज को हमेशा महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम में नंदवंशी चेतना मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, नाई समाज गया के नंदकिशोर शर्मा, भोला ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार नंदवंशी उर्फ विद्यासागर, जिला उपाध्यक्ष अनिल नंदवंशी, मिथलेश शर्मा, रेखा देवी, मीना देवी, शीला कुमारी, स्वस्तिका शर्मा, पूनम शर्मा, राजेश नंदवंशी, जनार्दन शर्मा, अशोक शर्मा, अजय शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा सहित नाई समाज के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित रहे।