नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दिन की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से करने के निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल कुमार सिंह ने इस फैसले के लिए बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से छात्रों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी और उनमें एकता व सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित होगा। साथ ही बच्चों को राष्ट्रगीत के महत्व और उसके भावार्थ को समझने का अवसर भी मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है, जो स्व-शासन की सामूहिक आकांक्षा और मातृभूमि के प्रति गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। इस तरह के कदम छात्रों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किसी भी प्रकार से राजनीतिक विषय नहीं हैं, बल्कि यह देश के सम्मान, विश्वास और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इनका सम्मान करे।
अंत में उन्होंने कहा कि देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने के लिए इस प्रकार के प्रयास आवश्यक हैं और हर व्यक्ति को स्वयं आगे बढ़कर राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए।