नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को नवबिहार टाइम्स परिवार की ओर से बुधवार को पटना में शुभकामनाएं और बधाई दी गई। इस अवसर पर नवबिहार टाइम्स प्रकाशन समूह के प्रधान संपादक डॉ. कमल किशोर ने नितिन नवीन को बुके भेंट कर शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।
डॉ. कमल किशोर ने कहा कि कोई व्यक्ति यूं ही बड़ा नहीं बनता, इसके पीछे वर्षों का परिश्रम, संस्कार और जनसेवा की भावना होती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को सौम्यता, सहजता, सरलता और संस्कार सीखने हों तो नितिन नवीन से प्रेरणा ली जा सकती है। उन्होंने उल्लेख किया कि नितिन नवीन हमेशा जनता से जुड़े रहे हैं और नवबिहार टाइम्स परिवार को उनका सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन लगातार मिलता रहा है।
डॉ. किशोर ने उम्मीद जताई कि नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही बिहार की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन अपने अनुभव और कार्यशैली से संगठन को मजबूत करेंगे और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर नवबिहार टाइम्स परिवार की ओर से नितिन नवीन के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की गई और कहा गया कि उनका नेतृत्व बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।