नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भभुआ। बिहार के कैमूर जिले में एक बड़ी कार्रवाई के तहत विजिलेंस ने दो दारोगा को 40 हजार रूपये की घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। आरोपी दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए दारोगा लकी आनंद और राशिद कमाल दोनों भगवानपुर थाने में पदस्थापित थे। जानकारी देते हुए कमालपुर गांव निवासी चांदनी सिंह ने बताया कि मेरे पति पर केस था जिसको लेकर दोनों दरोगा द्वारा मुझे धमकाया जा रहा था और बदले में 40 हजार रूपये की मांग की गई थी। तत्पश्चात मामले की सूचना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को दी गई। इधर, विजलेंस डीएसपी समीर चंद झा ने बताया कि 40 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए भगवानपुर थाने से दो सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।