मेले में मेधावी छात्रों को सम्मान, ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की सौगात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर में स्वरा महिला संघ द्वारा शरद मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विजय गोयल, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1) तथा संगीता गोयल, अध्यक्षा, सुजाता लेडीज क्लब द्वारा किया गया। मेले के दौरान एनटीपीसी नबीनगर ने अपने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को ‘मेधावी छात्रवृत्ति’ प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अतिथियों द्वारा उनके बीच सिलाई मशीनों का वितरण किया गया।

स्वरा महिला संघ दवारा आयोजित इस दो दिवसीय वार्षिक मेले की इस वर्ष की थीम ‘ग्रीन अर्थ, जीरो प्लास्टिक” रखी गई थी। मेले का उद्देश्य प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को प्रेरित करना था। इस संदेश को विभिन्न कला आकृतियों एवं रचनात्मक प्रदर्शनों के माध्यम से प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ-साथ अनेक सुप्रसिद्ध दुकानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाने के लिए स्वरा महिला संघ की सदस्यों द्वारा पारंपरिक व्यंजनों एवं क्षेत्रीय पकवानों के स्टॉल लगाए गए, जो सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने। संगीत, मनोरंजन और शानदार उपहारों से सजे इस मेले के पहले दिन सुप्रसिद्ध गायकों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेलों, बच्चों के लिए विशेष ‘किड्स जोन’ तथा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी।

इस मेले में परियोना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक एल. के. बेहेरा, स्वरा महिला संघ की अध्यक्षा आरती बेहेरा, महाप्रबंधक (O&M) अनिल कुमार टी सी, महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐ.डी.एम) मनोरंजन पाणिग्रही समेत अनेको व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।