एनटीपीसी की सात परियोजनाओं की टीमें ले रही हैं भाग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख एल. के. बेहेरा ने गुरुवार को आंतरिक क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। एनटीपीसी नबीनगर में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में एनटीपीसी के पूरे क्षेत्र-1 की सात परियोजनाओं की टीमें भाग ले रही हैं। परियोजना प्रमुख एल. के. बेहेरा ने पारंपरिक रूप से मशाल प्रज्वलित कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं से आई टीमों का एनटीपीसी नबीनगर परिसर में स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं।

इस टूर्नामेंट में एनटीपीसी नबीनगर के अतिरिक्त फरक्का, कहलगांव, कांटी, बीआरबीसीएल, बाढ़ और बरौनी परियोजनाओं की टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस इस वार्षिक खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल कर्मचारियों में छिपी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना है, बल्कि विभिन्न परियोजनाओं के बीच आपसी समन्वय, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना भी है।

कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी नबीनगर के टीम कप्तान सतेन्द्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता के मैस्कॉट ‘शटल वीर’ और आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया गया। तत्पश्चात प्रतियोगिता का पहला मैच नबीनगर और कांटी के बीच खेला गया, जिसमें टीम नबीनगर विजयी रही।

इस भव्य उद्घाटन समारोह में एल. के. बेहेरा के अतिरिक्त एनटीपीसी नबीनगर के महाप्रबंधक अनिल कुमार टी. सी., महाप्रबंधक (एडीएम एवं मेंटेनेंस) एम. पाणिग्रही, महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कर्मचारियों और प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी।