नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर में आयोजित अंतर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1) विजय गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम एवं एनटीपीसी की ‘आवाहन’ नीति के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 तारीख को हुआ था।

एनटीपीसी नबीनगर में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में एनटीपीसी के पूर्वी क्षेत्र-1 की सात परियोजनाओं- नबीनगर, कहलगांव, फरक्का, कांटी, बीआरबीसीएल, बाढ़ एवं बरौनी की पुरुष एवं महिला टीमों ने भाग लिया। टीम वर्ग के फाइनल में कहलगांव ने टीम नबीनगर को पराजित कर खिताब जीता। वहीं महिला वर्ग में फरक्का ने नबीनगर को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में खिलाड़ियों ने निर्धारित नियमों के अनुसार बेहद ही रोमांचक मुकाबले खेले।

समापन समारोह में विजय गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमें जीवन के महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं और दैनिक जीवन में खेल गतिविधियों का विशेष महत्व है। उन्होंने एनटीपीसी नबीनगर के मेजबानी की विशेष प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की वह भविष्य में भी इस प्रकार का आयोजन करते रहेंगे। एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख एल. के. बेहेरा ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “खेलों के माध्यम से टीम भावना एवं समन्वय को बढ़ावा मिलता है।”

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि विजय गोयल एवं परियोजना प्रमुख एल. के. बेहेरा ने खिलाड़ियों से संवाद किया और उनके अनुभर्वा की जानकारी ली। साथ ही समारोह के अंत में विजय गोयल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित भी किया।
समापन समारोह में एल. के. बेहेरा के अतिरिक्त एनटीपीसी नबीनगर के महाप्रबंधक अनिल कुमार टी. सी., महाप्रबंधक (एडीएम एवं मेंटेनेंस) एम. पाणिग्रही, महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।