बिहार STF और धनरुआ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, देसी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरुआ थाना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुरानी रंजिश के चलते कथित तौर पर एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना को नाकाम करने का दावा किया गया है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 26 अगस्त को करीब 12:10 बजे पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण पर थी। इस दौरान थानाध्यक्ष के साथ प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक कुमार राहुल एवं सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।
इसी बीच बिहार एसटीएफ, पटना से सूचना मिली कि जियाउद्दीनचक निवासी एक युवक पुरानी रंजिश को लेकर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से इलाके की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पुनपुन स्थित लक्ष्मण झूला ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी की। कार्रवाई में पुनपुन थाना की गश्ती टीम ने भी सहयोग किया। पुलिस के अनुसार, पुलिस वाहन को देखकर एक युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान जियाउद्दीनचक निवासी अनीश कुमार, पिता स्वर्गीय कलेंद्र पासवान, के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुरानी रंजिश को लेकर गंभीर आरोप लगाए और प्रतिशोध की भावना से बड़ी वारदात की योजना बनाने की बात कही। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने वर्ष 2024 और 2025 में उसके परिवार और समुदाय से जुड़े लोगों की हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए प्रतिशोध की भावना की बात स्वीकार की।
हालांकि, इन आरोपों और कथित योजना के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर जियाउद्दीनचक जाने वाले मोड़ के पास एक बाउंड्री वाले प्लॉट के सामने सड़क किनारे झाड़ियों से छिपाकर रखा गया एक लोडेड देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित गंभीर वारदात को रोका जा सका। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य संभावित पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।