नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर राजधानी पटना समेत विभिन्न शिवालयों में शिव भक्तों की भीड़ सुबह से ही जलाभिषेक करने के लिए उमड़ी हुई है। शिवालय में हर हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं। ऐसे में मसौढ़ी अनुमंडल के धनरूआ प्रखंड के वीर ओरियारा गांव में गौरी शंकर मंदिर का शिवलिंग साढे 5 फीट का है जो आकर्षण का केंद्र बिंदु रहता है। कहा जाता है कि यहां जो भी शिव भक्त सच्चे दिल से भोलेनाथ से कोई भी मुराद मांगते हैं तो उसकी मन्नतें हमेशा पूरी होती हैं। सावन के महीने में कई जिलों के लोग यहां अपने मन्नत पूरा करने के लिए आते हैं।
विजयपुरा पंचायत के मुखिया राज किशोर प्रसाद ने कहा कि प्रत्येक साल यहां सावन के महीने में और महाशिवरात्रि पर भव्य मेला लगता है। दूर दराज से लोग अपने मन की मुराद पूरा करने के लिए यहां आते हैं क्योंकि यहां पर भगवान भोलेनाथ आपरूपी जमीन से निकले थे। इनके बारे में कई कहानियां भी प्रचलित है। हर महिला अपनी संतान सुख की प्राप्ति करने के लिए यहां पर मन्नत मांगते हैं। इसके अलावा वर मांगने के लिए लड़कियों का तांता लगा रहता है।