नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़। पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क पर शहरकोल के पास सुबह यात्री बस और 16 चक्का ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ‘अभिषेक’ नामक यात्री बस यात्रियों को लेकर पाकुड़ से दुमका जा रही थी। शहरकोल के पास विपरीत दिशा से हिरणपुर की ओर से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक मुमताज अंसारी का दाहिना पैर टूट गया, जबकि केबिन में बैठे यात्री विद्युत मरांडी और महिला यात्री कविता कर भी घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बस से घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. दयानंद आर्या ने घायलों का इलाज किया। डॉक्टर के अनुसार, एक घायल की हालत गंभीर है।
बस चालक मुमताज अंसारी ने बताया कि वह अपनी लेन में जा रहे थे। सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए उन्होंने बस को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन इसके बावजूद टक्कर हो गई। उनका कहना है कि बस को सड़क से नीचे उतारने के कारण कई यात्रियों की जान बच गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।