नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कुटुंबा (औरंगाबाद)। वार्षिक मूल्यांकन/परीक्षा 2026 के अंतर्गत पीएम श्री मध्य विद्यालय, कुटुंबा में सोमवार को ‘प्रवेश से प्रगति तक’ थीम पर अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों की उपस्थिति में बच्चों का परिणाम पत्रक साझा किया गया और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
गोष्ठी की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर प्रसाद साहू ने की। कार्यक्रम में कक्षा एक से आठवीं तक के कुल 465 विद्यार्थियों को कक्षावार परिणाम पत्रक वितरित किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं भी दिखाईं गईं, जिससे वे अपने बच्चों की पढ़ाई की स्थिति को बेहतर तरीके से समझ सकें।
इस दौरान आठवीं कक्षा में उत्तीर्ण 140 विद्यार्थियों को विद्यालय स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) भी प्रदान किया गया। प्रधानाध्यापक ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नौवीं कक्षा में नामांकन कराना अनिवार्य है और सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने आसपास के अनामांकित बच्चों का भी विद्यालय में नामांकन कराएं, ताकि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जा सके।
वर्ग शिक्षक सतीश कुमार सिंह और मोहम्मद यूसुफ आलम ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विषय चयन, ईमानदारी से अध्ययन और समय प्रबंधन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को बेहतर इंसान बनने के लिए अनुशासन और परिश्रम को अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में शिक्षिका रीता कुमारी, पूनम उपाध्याय, सत्येंद्र सिंह, कमाल फातमा, कुमारी नंदिनी, संगीता कुमारी एवं बिमल चौहान ने अपने-अपने कक्षाओं में छात्रों को प्रगति पत्रक प्रदान किया। इस अवसर पर शिक्षा सेवक गोपाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।