नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। मसौढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-गया एनएच-22 पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें सीमेंट से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर पुनपुन के डुमरी डिपो से सीमेंट लोड कर धनरूआ के पभेड़ी गांव जा रहा था। इसी दौरान सरवां रेलवे गुमटी के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे (हंडर) में पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के डाले के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान धनरूआ थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी मनोज प्रसाद (30 वर्ष), पिता सियाशरण प्रसाद के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी और धनरूआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि कुछ देर तक दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को लेकर चर्चा होती रही। बाद में धनरूआ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए प्राथमिकी वहीं दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारण ही यह हादसा हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।