पटना नगर निगम की ओर से चलाया गया स्वच्छता जागरूकता अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। पटना के गांधी मैदान में चल रहे खादी मेला एवं प्रदर्शनी में पटना नगर निगम की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ मोहम्मद हनीफ मेवाती, राज्य निदेशक खादी और ग्रामोद्योग आयोग, पटना तथा पटना नगर निगम स्वच्छता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉक्टर नीतू कुमारी नवगीत ने किया। उद्घाटन के समय लोक गायक राजेश केसरी एवं अन्य लोक कलाकार उपस्थित रहे।

स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में डॉ मोहम्मद हनीफ मेवाती, राज्य निदेशक खादी और ग्रामोद्योग आयोग, पटना ने कहा कि स्वच्छता का स्वप्न राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देखा। उन्होंने सत्य,अहिंसा, स्वदेशी और ग्रामीण स्वरोजगार के साथ-साथ स्वच्छता को भी बहुत महत्व दिया क्योंकि उनका मानना था कि स्वच्छता देवत्व के समीप है और इसीलिए पूरे देश को साफ रहना जरूरी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सामाजिक राजनीतिक आंदोलन के दौरान भी स्वच्छता को बराबर महत्व दिया। हम सबका कर्तव्य है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाई रास्तों पर चलते हुए स्वदेशी को बढ़ावा दें, स्वच्छता को बढ़ावा दें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में भाग लेकर अपने पटना को नंबर वन बनायें। हर रंग के डस्टबिन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने सभी युवाओं को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बिहार की लोक गायिका नीतू नवगीत ने पारंपरिक गीतों एवं स्वच्छता गीतों के माध्यम से स्वच्छ भारत स्वच्छ पटना का संदेश दिया और सभी लोगों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भाग लेने का निवेदन किया। लोगों के आग्रह पर उन्होंने बहुत सारे होली गीतों से भी दर्शकों को झुमाया। वादक कलाकारों ने बहुत अच्छी संगत की।