नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड क्षेत्रों में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन ही विभिन्न पंचायतों में अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया, जिससे चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
मसौढ़ी प्रखंड में 20 अप्रैल को प्रस्तावित चुनाव को लेकर पहले दिन अध्यक्ष पद सहित कुल 27 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। बारा पैक्स से कौशल कुमार, नदौल पैक्स से राजेंद्र प्रसाद एवं धर्मेंद्र कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।

वहीं धनरूआ प्रखंड के बारीबिगहा पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए 6 तथा सोनमई पैक्स में 2 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। दूसरी ओर पुनपुन प्रखंड के पेमार पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए 3 अभ्यर्थियों ने पर्चा भरा।
नामांकन के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में काफी चहल-पहल देखी गई। अभ्यर्थियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
नदौल पैक्स में सदस्य पद के लिए सामान्य वर्ग से 6, पिछड़ा वर्ग से 3 तथा अति पिछड़ा वर्ग से 4 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। वहीं बारा पंचायत में सामान्य वर्ग से 2, अनुसूचित जाति से 1, पिछड़ा वर्ग से 3 और अति पिछड़ा वर्ग से 1 अभ्यर्थी ने नामांकन पर्चा दाखिल किया।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी हर्ष पटेल ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया अगले दिन भी जारी रहेगी। उन्होंने जानकारी दी कि 10 और 11 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी, जबकि 20 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
प्रशासन द्वारा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।