आपातकाल के काले अध्याय का 50 वर्ष पूर्ण होने पर सेमिनार का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय का 50 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को औरंगाबाद भाजपा द्वारा शहर के गेट स्कूल समीप एक हॉल में सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में आए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की हत्या की गई, लोगों की आवाज दबा दी गई, विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया और इस पर सवाल उठाने वाले विपक्षी सांसदों की सदस्यता तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने रद्द कर दी थी। ऐसे में उन्होंने सभी से कहा कि आपातकाल के समय जो जुल्म हुए थे उसे लोगों को बताइए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में आज हर जगह तरक्की हो रही है लेकिन जंगलराज के समय शाम में लोग परिवार के साथ कहीं जा नहीं सकते थे। ऐसे में आपातकाल लाने वाली और जंगलराज लाने वाली पार्टी को हमें सबक सिखाना है। आगामी विधानसभा चुनाव में पहले वाली गलती नहीं करना है, एकजुट होकर विपक्षियों को जवाब देना है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 100 से ज्यादा आतंकी और 50 वर्दी वाले मारे गए। हम युद्ध के पक्ष में नहीं हैं, आज ईरान और इजरायल के बीच भी शांति हो गई है। भाजपा के शासनकाल में संविधान को कभी कोई खतरा नहीं हो सकता है।
वहीं पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि आपातकाल के दौरान मीसा और डीआरआई कानून के तहत लोगों को बिना कारण उठाकर जेल में बंद कर दिया जाता था। आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय और काला दिवस भी कहते हैं। इसमें लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया गया था। ऐसे में आपातकाल किसी भी रूप में सराहनीय नहीं है, हर हाल में बुरा है और लोगों को इसका विरोध करना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप जलाकर किया। इस दौरान केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी राजन कुमार सिंह, पूर्व विधायक मनोज कुमार शर्मा, प्रदेश महामंत्री त्रिविक्रम नारायण सिंह, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवशी, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल शरण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील शर्मा, जिला महामंत्री सतीश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक कुमार सिंह ने किया।