नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में रांची से आए ख्यातिलब्ध दंत चिकित्सक डॉ विनीत राज ने विद्यालय के सभागार में ओरल हाइजीन पर एक सेशन कर बच्चों को दांतों की सफाई का पर्याप्त ध्यान रखने को कहा। डॉ विनीत ने बताया कि अनुग्रह स्कूल में उनके बड़े पिताजी प्रोफेसर सूर्य प्रकाश सिंह ने प्राथमिक शिक्षा प्राप्त किया था। इस कारण इस स्कूल से उनके परिवार का भावनात्मक लगाव रहा है।विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह के आमंत्रण पर पहुंचे डॉ विनीत ने सैकड़ों बच्चों की स्क्रीनिंग की एवं उनके उपचार के सरल तरीकों को बताया।

दूध के दांतों को समय से हटाने के लिए कड़े फलों का सेवन करने को कहा ताकि समय पर स्थायी दांतों की श्रृंखला चेहरे की मुस्कुराहट को ठीक दिखा सके। बच्चों ने कई सवालों को भी पूछा जिसे डॉक्टर ने सरल शब्दों में जवाब दिया। प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने ओरल हाइजीन पर घंटे भर के सेशन को बहुत उपयोगी बताया। दो बार दांतों का ब्रश, तीन महीने में ब्रश को बदल देना, पेस्ट लगाने के तरीके, ब्रश करने के तरीके, कैल्शियम की इनटेक पर ध्यान आदि विषयों से बच्चे अवगत हुए।

डॉ विनीत अपनी अगली औरंगाबाद कि यात्रा में स्क्रीन्ड बच्चों हेतु कई मेडिसिन एवं ब्रश फ्लॉसिंग थ्रेड्स आदि लाने की बात कही। कार्यक्रम को संयोजित करने में विद्यालय की शिक्षिका रीता ने सराहनीय भूमिका अदा की।