जैप-1 मैदान में आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने दी श्रद्धांजलि, इस वर्ष झारखंड के तीन पुलिसकर्मी हुए शहीद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में कार्यक्रम आयोजित कर देश और राज्य के शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई और उनके सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश तथा राज्य की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर झारखंड पुलिस के सहायक पुलिस महानिदेशक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष झारखंड के तीन पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। पुलिस संस्मरण दिवस पर इन शहीद जवानों को सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करने का अवसर है।

पुलिस संस्मरण दिवस पुलिस बल के उन वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने देश और समाज की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिन पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्य, साहस और जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने के साथ शहीदों के योगदान को हमेशा याद रखने का संदेश भी देता है। कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया।