स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया शुभारंभ, एक मंच पर दिखे झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के नेता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डुमरिया/पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह की खास बात यह रही कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठते हुए झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के कई नेता एक ही मंच पर नजर आए।
अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया और आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए अब दूरदराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्र में रक्त जांच, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार, किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा टीबी, मलेरिया और फाइलेरिया जैसी बीमारियों की जांच की भी व्यवस्था की गई है। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की योजना बनाई गई है।
पोटका विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया गया। मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सोमेश सोरेन, समीर मोहंती, पूर्व विधायक प्रदीप बलमुचू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।