नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने संघठनात्मक चुनाव तथा आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए गुरुवार को औरंगाबाद जिला मुख्यालय में क्षेत्रीय बैठक का आयोजन किया जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह चंद्रवंशी और संचालन प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा ने किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार के प्रभारी विनोद तावडे शामिल हुए। बैठक में 15 विधानसभा के प्रभारी, संयोजक, जिलाध्यक्ष, महामंत्री, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला प्रभारी और विधानसभा विस्तारक शामिल हुए।
राष्ट्रीय महामंत्री ने बूथ स्तर तक के संगठन की संरचना कैसे मजबूत हो, नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के द्वारा जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक कैसे पहुंचाया जाए इसकी जानकारी दी। विदेशी घुसपैठियों की पहचान कैसे हो और मतदाता पुनरीक्षण का कार्य धरातल पर कैसे सफलतापूर्वक हो इन सभी विषयों पर कार्यकर्ताओं को कार्य करने के बारे में बताया। जिस रफ्तार से बिहार का विकास हो रहा है वह रुके नहीं इसके लिए चल रहे योजनाओं को बताने का दिशा निर्देश दिया।
बैठक के समापन पर औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने अंग वस्त्र देकर राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद ने कहा कि औरंगाबाद जिले में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनाने के लिए कटिबंध है।
इधर महामंत्री सतीश कुमार सिंह ने शंकरपुर स्थित रेलवे पुल के पास सैकड़ो कार्यकर्ताओं और गाड़ियों के साथ राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े का स्वागत किया। सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी की मजबूती के लिए राष्ट्रीय महामंत्री सभी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के लिए औरंगाबाद आए हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर ऊर्जा भरते हुए आगामी चुनाव की रणनीति पर कार्य करने का हौसला बढ़ाया। बैठक में औरंगाबाद जिले के 6 विधानसभा, रोहतास के सभी विधानसभा और अरवल के सभी विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मौके पर क्षेत्रीय प्रभारी विक्रम नारायण सिंह, सिद्धार्थ शंभू, आशुतोष शर्मा, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, पूर्व विधायक मनोज शर्मा, पूर्व विधान पार्षद राजन सिंह सहित अन्य कई नेता उपस्थित रहे।