नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने मसौढ़ी एवं कादिरगंज थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों थानों में संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। मसौढ़ी थाना में थानाध्यक्ष विवेक भारती एवं कादिरगंज थाना में थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस प्रणाली, CCTNS, सिरिस्ता कार्यों सहित विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की गहन समीक्षा की गई। साथ ही थाना की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण का बारीकी से अवलोकन किया गया।
इस दौरान सिटी एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
साथ ही उन्होंने सभी कर्मियों को सतर्कता के साथ कार्य करने, जनसेवा को प्राथमिकता देने एवं कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।