नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पतरातू (रामगढ़)। पीवीयूएनएल के पतरातू सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (चरण-I) की दूसरी 800 मेगावाट इकाई का मंगलवार को सुबह 10:31 बजे सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइजेशन किया गया। यह परियोजना की प्रगति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस मौके पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल के साथ मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) अनुपम मुखर्जी, महाप्रबंधक (O&M) मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (परियोजना) बिश्नु दत्ता दाश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) ओ.पी. सोलंकी, महाप्रबंधक (कमीशनिंग) जोगेश चंद्र पात्रा तथा HOHR जियाउर रहमान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीईओ ए.के. सहगल ने इस उपलब्धि पर पीवीयूएनएल और बीएचईएल की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने चुनौतियों का सामना करते हुए समर्पण और मेहनत से यह सफलता हासिल की है।
यूनिट-2 का सफल सिंक्रोनाइजेशन पीवीयूएनएल, बीएचईएल और अन्य हितधारकों के बीच उत्कृष्ट टीमवर्क, सूक्ष्म योजना और बेहतर समन्वय का परिणाम है। यह उपलब्धि देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने और ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।