दुकानों पर महिलाओं की उमड़ी भीड़, रंग-बिरंगी और डिजाइनर राखियों से सजा बाजार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर मसौढ़ी का बाजार इन दिनों पूरी तरह गुलजार हो गया है। पर्व में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में राखी की दुकानों पर महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइनर राखियों से सज गया है।
मसौढ़ी के मुख्य बाजार, स्टेशन रोड और थाना रोड स्थित दुकानों पर इस बार एक से बढ़कर एक डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। बाजार में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की विभिन्न प्रकार की राखियां बिक रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखी, लाइट वाली राखी, भाभियों के लिए लुंबा राखी तथा भाइयों के लिए रुद्राक्ष और स्टोन वाली राखियां खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस बार चांदी की राखियों की मांग भी काफी बढ़ गई है। मसौढ़ी के सोना-चांदी की दुकानों में महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। आभूषण दुकानदारों के अनुसार, चांदी की कीमत अधिक होने के बावजूद बहनें अपने भाइयों के लिए 1000 से 5000 रुपये तक की चांदी की राखियां खरीद रही हैं। कई लोग इसे भाई-बहन के स्थायी प्रेम और यादगार रिश्ते का प्रतीक मान रहे हैं।
दुकानदारों ने बताया कि पिछले दो दिनों से राखियों की बिक्री में काफी तेजी आई है। शाम होते ही बाजार में खरीदारी करने वालों की इतनी भीड़ हो जाती है कि कई जगह पैर रखने तक की जगह नहीं बचती। राखी के साथ-साथ मिठाई की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है और लोग त्योहार की तैयारियों में जुट गए हैं।
कुल मिलाकर रक्षाबंधन को लेकर मसौढ़ी में उत्साह चरम पर है। बाजारों में उमड़ रही भीड़ और दुकानों की बढ़ती रौनक से साफ है कि भाई-बहन के प्रेम के इस पावन पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।