नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को टिकारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कावड़ में दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को संबोधित किया। इसके पश्चात उन्होंने कोच प्रखंड के ग्राम कोच स्थित विष्णु मंदिर परिसर में वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज द्वारा सुनाई जा रही श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा आध्यात्मिक वातावरण में समय व्यतीत किया।
ग्राम कावड़ में आयोजित रामलीला कार्यक्रम के अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और हमारी समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, मर्यादा और आदर्श शासन की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर हम एक सशक्त, संस्कारवान और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में स्थानीय समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद डॉ. प्रेम कुमार ने कोच प्रखंड के ग्राम कोच स्थित विष्णु मंदिर परिसर में वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का अमूल्य ग्रंथ है, जो मानव जीवन को धर्म, भक्ति, सदाचार, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमें अपने कर्तव्यों का पालन करने, अहंकार से दूर रहने तथा समाज और मानवता के कल्याण के लिए कार्य करने का संदेश देती हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और सत्संग के माध्यम से समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है तथा लोगों को नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं मौके पर भाजपा नेता अधिवक्ता मुकेश शर्मा, शंभू केशरी,चंदन शर्मा,दीपक शर्मा,जगमोहन साह,महेंद्र पासवान,राजनंदन गांधी,मोहन राय शर्मा,गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।