नवरात्रि के पावन दिनों में कन्या पूजन का है विशेष महत्व
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गया शहर के गोदावरी रोड स्थित भैरव स्थान के पास सामुदायिक भवन में भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ उपस्थित हुए। कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है, जिसमें नवरात्र के दौरान छोटी बच्चियों को देवी दुर्गा का स्वरूप मानकर पूजन किया जाता है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा सहित कई प्रमुख नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विधिवत कन्या पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। लोगों ने कन्याओं के चरण धोकर, तिलक कर और आरती उतारकर उन्हें देवी दुर्गा का रूप मानकर वंदन किया। उन्हें चुनरी, उपहार और प्रसाद प्रदान किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन और दुर्गा स्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि नवरात्रि के इन पावन दिनों में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। हमारी संस्कृति में कन्या को देवी का स्वरूप माना गया है और कन्या पूजन कर हम मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने सौ वर्षों की यात्रा में समाज को सेवा, राष्ट्रवाद और संस्कारों से जोड़ा है। यह अवसर हम सभी के लिए गर्व का है कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हम मां दुर्गा के आशीर्वाद से समाज में एकता और शक्ति का संदेश फैला रहे हैं।
मौके पर सेवा भारती के अभिषेक राज, नीरज कुमार सिंह, चंदन कुमार, धीरज कुमार, मंटू कुमार, विकास दुबे, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, हीरा यादव, सत्येंद्र कुमार, सत्तू लाल, बिहारी यादव, गोपाल यादव, दीपक पांडे, बबलू गुप्ता, महेश यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।