नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। रविवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में विकास खंडेलवाल के फ्लैट से अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल की जांच की और शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
इससे पहले अमित के परिजनों ने शनिवार को सदर थाना में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार ने पुलिस को यह भी बताया था कि अमित के मोबाइल पर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी और धमकी भरे कॉल आ रहे थे। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने जानकारी दी कि लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस ने विकास खंडेलवाल को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर अमित का शव बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास खंडेलवाल पर करीब एक करोड़ रुपये का लोन था और इसको लेकर अमित अग्रवाल के साथ उसका विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में यही विवाद हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में कोई और शामिल था या नहीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से त्वरित न्याय की मांग की है।