नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। गिरिडीह के गावां में एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया, जिसके बाद कार केला के पेड़ से टकरा कर रुकी। दो लोग कार के नीचे दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इस हादसे में 50 साल के सरयू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए पुलिस की गाड़ी पर पथराव भी किया। साथ ही कार चालक बबलू यादव को बंधक बना कर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
घटना की पुष्टि करते एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही सड़क जाम खत्म करा लिया जाएगा। वहीं पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।