नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोधगया। बोधगया के सांस्कृतिक केंद्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा शनिवार को आयोजित युवा शंखनाद कार्यक्रम में युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज रहीं, जिन्होंने अपने ऊर्जावान संबोधन से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है और इस परिवर्तनकारी दौर में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत को विश्वगुरु बनाने में युवा शक्ति निर्णायक योगदान देगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सिर्फ दर्शक न बनें, बल्कि समाज और देश को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि आज भारत स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। इन सबके केंद्र में युवा ही हैं, जिनकी ऊर्जा, नवाचार और संकल्प से देश आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक प्रेम सागर ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की नींव स्वरोजगार और रोजगार सृजन पर टिकी है, और यह जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने जोशपूर्ण नारों के बीच राष्ट्रहित में काम करने का संकल्प लिया। देर तक बोधगया का सांस्कृतिक केंद्र युवा ऊर्जा और उत्साह से गूंजता रहा।